बिहारशरीफ (नालंदा):* सरमेरा प्रखंड में आयोजित समीक्षात्मक बैठक एवं जनसंवाद कार्यक्रम के तुरंत बाद जिलाधिकारी महोदया ने प्रशासनिक व तकनीकी अधिकारियों के पूरे अमले के साथ क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए टाल क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह ने पेंदी जमींदारी बांध, इसुआ जमींदारी बांध एवं सगहा जमींदारी बांध का स्थलीय मुआयना कर सुरक्षात्मक उपायों एवं जलस्तर की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान आपातकालीन परिस्थितियों, राहत एवं बचाव कार्यों के लिए मौके पर राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम और स्पीड बोट पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात मिली। उल्लेखनीय है कि टाल क्षेत्र होने के कारण गंगा नदी के बैकवाटर से इस इलाके में तेजी से पानी का फैलाव होता है, जिससे मुख्य रूप से पेंदी, इसुआ एवं सगहा गांव प्रभावित होते हैं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में और सामान्य है, लेकिन जलस्तर में किसी भी संभावित वृद्धि को देखते हुए बांधों पर 24 घंटे अनवरत निगरानी रखी जाए।जिलाधिकारी ने संबंधित अभियंताओं एवं स्थानीय प्रशासन को तटबंधों की मजबूती बनाए रखने, संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में सैंडबैग (बालू की बोरियां) तैयार रखने तथा आवश्यकता पड़ते ही तत्काल उनका प्रयोग कर कटाव रोकने का सख्त निर्देश दिया। इसके साथ ही आपातकालीन स्थिति से निपटने, राहत कार्यों एवं सुरक्षित आवागमन के लिए चिन्हित स्थलों पर स्पीड बोट की तैनाती सुनिश्चित की गई है जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जमीनी स्तर पर चौबीसों घंटे चौकसी बरती जाए और किसी भी आपात परिस्थिति या अप्रत्याशित जलस्तर वृद्धि की सूचना अविलंब जिला प्रशासन को दी जाए, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने क्षेत्र में आवागमन की सुगमता के लिए पुल और सड़क निर्माण की पुरजोर मांग रखी। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की इस मांग को अत्यंत गंभीरतापूर्वक लेते हुए संबंधित कार्यपालक अभियंता को अविलंब विस्तृत कार्य योजना (DPR) तैयार करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन इसे प्राथमिकता के आधार पर लेगा और जनहित के इस कार्य को अमलीजामा पहनाने के लिए हरसंभव ठोस प्रयास किए जाएंगे।
टाल क्षेत्र में बाढ़ को लेकर डीएम का सघन निरीक्षण 24 घंटे निगरानी के निर्देश
SANJAY KUMAR
September 10, 2026
52 views