District News

चंडी नगर पंचायत में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान छापेमारी कर प्रतिबंधित प्लास्टिक की होगी जब्ती दोषियों पर लगेगा जुर्माना

SANJAY KUMAR September 12, 2026 35 views

चंडी। नगर पंचायत चंडी क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल और बिक्री के खिलाफ जल्द ही विशेष अभियान चलाया जाएगा। नेशनल टास्क फोर्स की नौवीं बैठक में लिए गए निर्णय के बाद नगर निकाय ने कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। अभियान के दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक की बिक्री, भंडारण और उपयोग करने वालों के खिलाफ छापेमारी एवं जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए नगर निकाय की विशेष टीम, बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के क्षेत्रीय अधिकारी तथा पुलिस की संयुक्त टीम कार्रवाई करेगी। टीम द्वारा शहर के विभिन्न इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया जाएगा।नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. अनूपा कुमारी ने बताया कि अभियान के तहत फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले विक्रेताओं, स्थानीय दुकानदारों, थोक बाजारों, बस स्टैंड सहित अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष रूप से जांच की जाएगी। इसके अलावा प्लास्टिक निर्माण करने वाली फैक्ट्रियों और प्रतिष्ठानों की भी जांच की जाएगी।जांच के दौरान 120 माइक्रोन से कम मोटाई वाले प्रतिबंधित कैरी बैग अथवा अन्य सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री पाए जाने पर उसे तत्काल जब्त किया जाएगा। संबंधित व्यक्ति या प्रतिष्ठान के खिलाफ चालान की कार्रवाई करते हुए नियमानुसार जुर्माना भी लगाया जाएगा।नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि अभियान का उद्देश्य प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाना और शहर को स्वच्छ एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाना है। प्रशासन ने दुकानदारों एवं आम लोगों से प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा अभियान में सहयोग करने की अपील की है।

Related Articles